थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी बाजार स्थित उप डाकघर में गुरुवार की रात खिड़की तोड़कर चोर 75 हजार रुपये नकदी समेत एक लाख का सामान ले गए। सुबह आसपास के लोगों के जरिए डाककर्मियों को इसकी जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है।
थानागद्दी बाजार स्थित उपडाकघर में गुरुवार की देर रात चोरों ने खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। कैश रूम का ताला तोड़कर वहां रखा 75 हजार पांच सौ रुपये नकद, दो प्रिंटर, सर्वर व अन्य समान उठा ले गए। अभिलेखों को बिखेर दिया। सुबह होने पर उधर से गुजर रहे बाजार वासियों और राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों को फोन से सूचना देकर बुलाया। कर्मचारियों ने मुख्य द्वार खोलने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुला। चोरों ने जिस खिड़की को तोड़ा था उससे भी कोई व्यक्ति अंदर नहीं जा सका। इसके बाद एक अन्य खिड़की को हथौड़े से तोडा गया तो लोग अंदर प्रवेश कर सके। पोस्टमॉस्टर विनोद विश्वकर्मा का कहना है कि चोरों ने खिड़की के रास्ते घुसकर कैशरूम में रखा 75596 नकदी और दो प्रिंटर, सर्वर मशीन सहित अन्य सामान उठा ले गए हैं। चोरी की इस घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। केराकत कोतवाल बिंद कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।