केराकत/जफराबाद। केराकत कोतवाली क्षेत्र के गोमती नदी के पसेवां मई घाट पर रविवार को दोपहर डेढ़ बजे नहाते समय नदी में डूबने से एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव के पास सई नदी में नहाते समय युवक डूब गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कर रही है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के पसेवां गांव निवासी शोभनाथ राम (70) गोमती नदी के पसेवां मई घाट पर दोपहर में नहने के लिए गए थे। नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी की तेज धारा में अपने को संभाल नहीं सके। उन्हें डूबता देख वहां पहले से ही नहा रहे लोगों ने शोर मचाया। जिस पर नाविक चन्द्रभान ने नदी में छलांग उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही केराकत पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक मृतक के चचेरे भाई राम सूरत राम (61) की भी पिछले साल 15 जुलाई को इसी घाट पर नहाते समय डूबने से मौत हुई थी। उनका शव घटना के चार दिन बाद बरामद हुआ था। उधर जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव के पास गोमती नदी में नहाते समय युवक डूब गया। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के उसराहे गांव निवासी मिथुन चौहान 22 पुत्र राजेश चौहान पिछले एक सप्ताह से धनेजा गांव में अपने ननिहाल में रह रहा था। रविवार को वह काम के सिलसिले में नेवढ़िया गया था। काम नहीं मिला तो लौटकर ननिहाल आ रहा था। रास्ते में सई नदी के धनेजा घाट पर नहाने के लिए नदी में उतर गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।