जौनपुर। जिले में छठवें चरण के चुनाव के लिए जौनपुर व मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से 29 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान 39 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सात तारीख को पर्चों की जांच में अभिलेखों के अभाव में कुल 13 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। नौ मई को नाम वापसी के दिन किसी ने पर्चा वापस नहीं लिया, ऐसे में चुनाव मैदान में कुल 26 प्रत्याशी बचे हैं। फाइनल सूची जारी होने के बाद चुनाव प्रचार ने तेजी पकड़ ली।
जौनपुर लोकसभा क्षेत्र में कुल 26 उम्मीदवारों ने 40 सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसमें 12 उम्मीदवारों का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया तो मैदान में 14 प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। इसी तरह मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से कुल 13 उम्मीदवारों ने 19 नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसमें से एक उम्मीदवार का पर्चा अभिलेख के अभाव में निरस्त कर दिया गया, अब यहां पर कुल 12 प्रत्याशी बचे हैं। जिला प्रशासन की तरफ से फाइनल सूची के प्रकाशन के बाद प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली। देर शाम तक प्रेक्षकों के हस्ताक्षर के बाद निर्दलियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया गया। इसके बाद प्रत्याशियों ने गांव की पगडंडियों से लेकर शहर में प्रचार अभियान तेज कर दिया गया।