सिंगरामऊ क्षेत्र के बछुआर गांव में बिना तार के खड़ा बिजली का खम्भा।
- फोटो : JAUNPUR
सिंगरामऊ। बिजली मिले या न मिले, विभाग की ओर से बिल जरूर भेज दिया जा रहा है। ताजा मामला सिंगरामऊ के बछुआर गांव का है। यहां कुछ मजरों में आजतक बिजली नहीं पहुंच सकी है। सिर्फ कुछ खंभे और घरों में मीटर टांग दिए गए हैं। तार अब तक नहीं खींचा गया है। लेकिन बिजली का बिल देखकर ग्रामीणों परेशान हो गए हैं। किसी को छह हजार तो किसी को आठ हजार का बिल भेजा गया है। इसे लेकर आक्रोश है।
गांव में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंचाने की कवायद शुरू हुई तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कुछ दिन पहले ही गांव में खंभे गाड़ने का काम शुरू हुआ। लोगों को लगा कि बस जहां तार बांधे गए उनके घर में भी पंखे चलेंगे, बल्ब से रोशनी होगी। ढिबरी को 1बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। हद तो तब हुई, जब बिना तार खींचे ही उनका बिजली बिल आ गया। फागुराम पाल के घर पर मीटर है, लेकिन उन्हें अब तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है। वह बताते हैं साल भर पहले बिजली कर्मचारियों ने आकर मीटर लगाया था, लेकिन मीटर लगा कर छोड़ दिया। जब कनेक्शन नहीं दिया तो बिजली बिल आखिर में क्यों भेजा गया। चौथी राम बताते हैं कि सालों से अंधेरे में ही रह रहे हैं बिजली का सिर्फ खंभा लगा है। अभी तक हमारे यहां बिजली पहुंची भी नहीं है लेकिन आठ हजार रुपये का बिल आ गया है। भगवानदीन यादव ने बताया कि करीब तीन-चार महीने पहले खंभे लगाए गए थे। तब से कोई कार्य नहीं किया गया मेरे यहां बिजली अभी तक नहीं पहुंची है।
बिना बिजली पहुंचे जिनका बिल आ गया है, उसकी जांच कराई जाएगी। बिल माफ कराया जाएगा। बजाज कंपनी की ओर से कार्य कराया गया है। कई अन्य जगहों से भी ऐसी शिकायतें मिली हैं। ग्रामीणों की समस्या का समाधान शीघ्र किया जाएगा।
-संजय प्रजापति, जेई।