राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की राह से भटक गया है। किसान आत्महत्या के लिए विवश हो रहे हैं, लेकिन सरकार के पास उनकी तरक्की का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है। रविवार को नगर के हुसैनाबाद स्थित कांशीराम सामुदायिक भवन में आयोजित शिल्पकार महासम्मेलन में अपने आधे घंटे के भाषण में उन्होंने सपा, बसपा और केंद्र की मोदी
सरकार को निशाने पर रखा लेकिन कांग्रेस का नाम तक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। व्यापारी लूटे जा रहे हैं। गुंडा और माफियाओं पर पुलिस का कोई अंकुश नहीं रह गया है। ऐसे में हर कोई अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी काला धन विदेशों से वापस लाने का भरोसा देकर सत्ता में आए लेकिन अब वह भूल से भी उसका नाम
नहीं लेते। देश पर एक के बाद एक आतंकी हमले हो रहे हैं लेकिन सरकार खामोश है। जनता के साथ छल हुआ है। उन्होंने कहा कि देश का कुल बजट 15 हजार करोड़ रुपये का है, लेकिन सरकार ने जो बजट पेश किया वह 34 हजार करोड़ में पूरा होगा। इतना धन कहां से आएगा इसका उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने बसपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि विकास के लिए उसकी सोच सिर्फ पार्क
बनवाने तक ही सीमित है। इसकी नजीर जनता देख चुकी है। समारोह का आयोजन रालोद के वरिष्ठ नेता राम आसरे विश्वकर्मा ने किया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकिशोर विश्वकर्मा और संचालन त्रिवेणी विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर रालोद के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र पटेल, संतोष मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश यादव, महेंद्र विश्वकर्मा, शिवकुमार, शिवनाथ, दुर्गा प्रसाद, सभाजीत, शिवपूजन, कैलाश विश्वकर्मा आदि मौजूद थे।