निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहा कि भाजपा और निषाद पार्टी के आधिकारिक गठबंधन की घोषणा हो चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। निषाद पार्टी भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
डॉ. संजय निषाद रविवार को जौनपुर जिले के बीआरपी इंटर कॉलेज में निषाद पार्टी की तरफ से आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जौनपुर जिले के मछुआरा समाज बाहुल्य सीटों पर भी निषाद पार्टी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 70 साल से मलाई खाने वालों को सत्ता से हटाया जा रहा है और जिनकी बदौलत देश आजाद हुआ, उन्हें सत्ता के करीब लाया जा रहा है।
निषाद समाज को एकजुट कर एनडीए गठबंधन को मजबूत करेंगे
केंद्र की एनडीए सरकार सबका साथ व सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है। इसका सबसे अधिक फायदा समाज के वंचित तबके को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद समाज को एकजुट कर एनडीए गठबंधन को मजबूत करेंगे। भाजपा व निषाद पार्टी दोनों का मकसद निषाद समाज को एकजुट कर हक व अधिकार दिलाना है। पूर्व सांसद फूलन देवी की मां की जमीन जिस सपा नेता ने हड़पी है, उसे वापस दिलाया जाएगा।