जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर कबिरुद्दीनपुर गांव के पास रविवार की सुबह लगभग पौने आठ बजे ऑटो खड़े ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में ऑटो सवार एक कलाकार की मौत हो गई, जबकि चालक सहित छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया।
कई कलाकार गौराबादशाहपुर में भरत मिलाप में प्रस्तुति देने गए थे। इसके बाद सुबह ऑटो से घर लौट रहे थे। अनुमान है कि रात भर जागने के कारण ऑटो चालक मनीष निषाद निवासी शेखपुर थाना लाइन बाजार को झपकी आ गई। इसी के चलते कबिरुद्दीनपुर गांव के पास सड़क के किनारे खड़े टेलर में पीछे से ऑटो टकरा गया। इसमें ऑटो सवार कलाकार घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर संतोष कुमार पाठक ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां अमन जायसवाल(30) निवासी सिद्दीकपुर थाना सरायख्वाजा की मौत हो गई। अन्य घायलों की पहचान उपेंद्र निवासी नदौली, थाना केराकत, भोला यादव निवासी सुक्खीपुर, शहर कोतवाली, ऑटो चालक मनीष निषाद, रिंकू गौतम निवासी उमरपुर, शहर कोतवाली, शुभम विश्वकर्मा निवासी रानीपुर, मड़ियाहूं और निखिल निवासी सेरुआ, सुरेरी के रूप में हुई है। सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सीओ केराकत शुभम तोडी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। विधिक कार्रवाई की जा रही है। उधर, घटना की जानकारी होने पर कलाकार आशीष माली, सलमान शेख, पवन मोदनवाल, गायक मनोज सोनी, कोमल, पारुल नंदा, भावना सिंह, मनोज माली, श्यामलाल, अमित माली आदि कलाकार पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।