ऐतिहासिक त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर में सोमवार की सुबह साढ़े 10 बजे नई कार लेकर दर्शन करने आए युवक ने घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इससे अनियंत्रित कार ने नौ लोगों को रौंद दिया। हादसे में प्रमोद सरोज व अरविंद राजभर निवासी कोडरी को गंभीर चोटें आई। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिवम उपाध्याय वाराणसी, अंजली फूलपुर, लक्ष्मी रामपुर, वंदना रेहटी, राज शर्मा सभी निवासी जौनपुर, कांति रेहटी व बेबी सिंह निवासी प्रधानपुर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। भीड़ ने कार चालक की पिटाई की। कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रेहटी तुल्लापुर निवासी आदित्य विश्वकर्मा ने चार दिन पहले नई कार खरीदी थी। वह उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में संविदा कर्मचारी है। सुबह वह कार में अपनी दो भतीजी को बैठाकर दर्शन करने आया था। मंदिर परिसर में पहुंचते ही एक महिला कार की चपेट में आ गई। शोर सुनकर आदित्य घबरा गया और उसने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इसके बाद बेकाबू कार रास्ते में आए बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को कुचलती हुई आगे बढ़ गई।