नई बनी सड़क की मरम्मत के लिए भी निकाला गया है टेंडर।
जिले की सैकड़ों ऐसी सड़कें हैं जिस पर राह चलना मुश्किल हो गया है। बाइक और साइकिल तो दूर पैदल भी नहीं चलना मुश्किल होता है। ऐसी सड़कों की कई सालों से मरम्मत नहीं हो रही है। जबकि जो सड़कें हाल ही में बनी हैं, उन्हीं सड़कों पर लोक निर्माण विभाग का प्रांतीय खंड फिर से टेंडर निकाल दिया है। डीएम ने इसके जांच के आदेश दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग की ओर से हाल में एक टेंडर निकाला गया है। जिसमें 20 अप्रैल तक टेंडर डाउन लोड किया जा सकता है। इस टेंडर में बटाऊबीर-मई-नौपेड़वा मार्ग का सामान्य मरम्मत के साथ नवीनीकरण कार्य के लिए 56 लाख रुपए खर्च होने हैं। इसके अलावा जमालपुर, दमोदरा, गोठांव मार्ग पर 58 लाख, बरईपार, तेजी बाजार, उसरा बाजार मार्ग पर 91 लाख, गंगा नदी पर बारी धनापुर, सुरैला, सकरा होते मुरखा तक की सड़क पर 42 लाख खर्च होने हैं। इसमें कुछ सड़कें खराब हैं और कुछ सड़कें हाल ही में बनी हैं। बावजूद उस पर पीडब्लूडी द्वारा टेंडर निकालकर लाखों रुपए गोलमाल करने की तैयारी है।
उदाहरण के तौर पर नौपेड़वा बाजार से लेदुका होते हुए बटाऊवीर, सिंगरामऊ को जाने वाली सड़क की मरम्मत एक साल पहले ही हुई थी। लेकिन इस पर 55 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने मामले में जांच बैठा दी है और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने कहा है कि स्पष्टीकरण के बाद कार्रवाई होगी।