जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी के निर्देश पर रविवार में मडि़याहूं नगर पंचायत में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
एसडीएम रामकेश यादव और ईओ धर्मराज ने पुलिस बल के साथ जेसीबी से नगर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटवाया। नाली और तालाब की सफाई भी की जा रही है।
एसडीएम और ईओ के साथ नगर पंचायत के कर्मचारी सुबह नौ बजे जेसीबी के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए निकले। नगर में दो दिन पहले ही नगर पंचायत की ओर से लोगों को चेतावनी जारी कर दी गई थी कि वे खुद से अतिक्रमण
नहीं हटवाए तो नगर पंचायत प्रशासन जेसीबी से अतिक्रमण ढहा देगा। रविवार को मडिय़ाहूं कस्बा में जलालपुर मार्ग, सब्जीमंडी, रलेवे गेट के दोनों तरफ, शिवाजीनगर, सदरगंज आदि मोहल्लों में अतक्रिमण कर कराए गए निर्माण
को ढहा दिया गया। कई स्थानों पर लोगों ने नाली पर अतिक्रमण कर लिया था। रानी झील, चंद्रिका तालाब, समेत कई नालों की सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया है। नगर के मोहल्ला भंडरिया टोला निवासी शाहआलम, सभासद
अताउल्ला खां, गुलाबचंद्र साहू, मो. ईशा फारूकी आदि लोगों ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर नगर से अतिक्रमण हटाने और तालाब व नालों की सफाई कराने की मांग की थी। इन लोगों ने आयुक्त वाराणसी मंडल को भी
प्रार्थना पत्र दिया था। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने मांग को जायज ठहराते हुए बारिश से पहले नालों व तालाब की सफाई का निर्देश दिया था। जिसके क्रम में रविवार को नगर में अतिक्रमण हटाने और नाला, तालाब की सफाई के लिए अभियान चलाया गया।