जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के पसेवा गांव में सोमवार की रात एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शराब के मात्र 100 रुपये को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या है पूरा मामला
पसेवा गांव निवासी अरविंद चौहान (48) ने सोमवार की शाम अपने ही गांव के अलगू राम को शराब लाने के लिए 100 रुपये दिए थे। बताया जा रहा है कि अलगू शराब नहीं लाया। इधर, अरविंद ने जब रुपये वापस मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि अलगू राम ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर अरविंद पर हमला कर दिया।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...पांच की मौत, ज्ञानवापी केस में नौ अक्तूबर को सुनवाई; पढ़ें खबरें
पत्नी गुड़िया के अनुसार, अलगू राम ने अरविंद को लात-घूसों और किसी कठोर वस्तु से मार दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल अरविंद मौके पर ही गिर पड़ा और बेसुध हो गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले आए। जहां पर चिकित्सकों ने हालत नाज़ुक देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।