जौनपुर के सोहनी गांव में सोमवार अलसुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने अधजले शव को देखा तो शोर मचाया। सिर एवं शरीर के अन्य अंगों पर ईंट से ताबड़तोड़ वार के कई निशान थे।
यूपी के जौनपुर जिले में अपराधियों ने बीती रात सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। केराकत कोतवाली के सोहनी गांव में अज्ञात युवक की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। सोमवार अलसुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने अधजले शव को देखा तो शोर मचाया।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमोर्टम के लिए लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। खेत में अधजला शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई और घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
युवक के सिर एवं शरीर के अन्य अंगों पर ईंट से ताबड़तोड़ वार के कई निशान थे। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। हाथ मे घड़ी और गले में सोने की चैन थी। इंस्पेक्टर केराकत लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि युवक के चेहरे पर ईंट से कई बार प्रहार किया गया। उसे सड़क से घसीटते हुए गेहूं के खेत में लाया गया। जहां उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छुपाने के लिए शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। युवक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।