नेवढ़िया थाना क्षेत्र के मधुपुर वृंदावन गांव में बेटे द्वारा मां की हत्या की सूचना के बाद मौके पर
- फोटो : JAUNPUR
नेवढ़ियां (जौनपुर)। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के मधुपुर वृंदावन गांव में शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर बेटे ने 18 अप्रैल को फावड़े से वार कर मां की हत्या कर शव घर में दफना दिया। दुर्गंध उठने पर बृहस्पतिवार को लोगों को इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का केस दर्ज कर लिया।
मधुपुर वृंदावन गांव निवासी बगेसरा देवी (70) छोटे बेटे लालचंद्र पाल के साथ घर में रहती थीं। लालचंद्र की शादी हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी सालों पहले छोड़कर चली गई है। जबकि लालचंद्र का बड़ा भाई फूलचंद और उसका परिवार मुंबई रहता है। 19 अप्रैल से ही बगेसरा देवी का पता नहीं चल रहा था। पड़ोसियों ने जब लालचंद्र से पूछा तो उसने बताया कि रात में मां कहीं चली गई, उनका पता नहीं चल रहा है। इसके बाद ग्रामीणों ने बगेसरा देवी के गायब होने की सूचना उनकी बड़ी बेटी जफराबाद के महरुपुर निवासी लालदेई को दी।
बुधवार शाम घर पहुंचकर उसने भाई से मां के बारे में पूछताछ की, लेकिन जानकारी नहीं मिली। इस पर उसने थाने में सूचना दी। बृहस्पतिवार दोपहर में वह घर में मौजूद थी, तभी एक कमरे से दुर्गंध महसूस हुई। उसने दरवाजा खोलना चाहा तो लालचंद्र ने उसमें ताला लगा दिया। इस पर लालदेई ने पड़ोसियों को बुलाया। किसी तरह दरवाजे का ताला खोलकर लोग अंदर पहुंचे तो कमरे की कच्ची फर्श की खुदाई होने की बात सामने आई। उसमें से महिला के सिर के बाल का कुछ हिस्सा बाहर निकला था। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने फर्श की खुदाई कराई तो अंदर बगेसरा देवी का शव बरामद हुआ। सूचना पर एसपी अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण संजय राय, सीओ मड़ियाहूं विजय सिंह पहुंच गए और लालचंद्र को हिरासत में ले लिया। एसपी ने बताया कि लालदेई की तहरीर पर पुलिस ने लालचंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि 18 अप्रैल की शाम वह मां से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मां के इनकार करने पर उसने फावड़े से सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव घर में ही दफना दिया था।