रामपुर क्षेत्र के कोटीगांव गांव में अराजक तत्वों द्वारा तोड़ी गई डीह बाबा की प्रतिमा।
- फोटो : JAUNPUR
रामपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम कोटिगांव डिहवां में शनिवार की रात शरारती तत्वों ने डीह बाबा की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह घटना की जानकारी होने पर लोग उग्र हो गए। मौके पर पहुंची रामपुर पुलिस ने नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन देकर गुस्साए लोगों को शांत कराया।
रामपुर थाना से करीब एक किमी दूर स्थित कोटिगांव डिहवां में बरगद के पेड़ के नीच डीह बाबा का मंदिर है। ग्रामीण यहां पूजा-अर्चन करते हैं। शनिवार की रात शरारती तत्वों ने पत्थर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीण दर्शन-पूजन के लिए गए तो मूर्ति खंडित देख उग्र हो गए। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करने लगे। विरोध की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। रामपुर थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने ग्रामीणों को नई मूर्ति,त दरवाजा और जाली लगावाने का आश्वासन देकर शांत कराया। ग्राम प्रधान अखिलेश यादव ने बताया कि नई मूर्ति मंगलवार को अनुष्ठान के साथ स्थापित की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। अराजकतत्वों की तलाश की जा रही है।