यूपी के जौनपुर जिले में उस बदमाश को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी काफी दिनों से तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर वह गिरफ्तार कर लिया गया।
Jaunpur News: पुलिस ने शनिवार को गैंगस्टर और 25 हजार के ईनामिया बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ जिले के छह थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। जनपद की पुलिस उसे कई दिनों से तलाश रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी संगम यादव हुसैनाबाद थाना शाहगंज का रहने वाला है। बीते कई दिनों से इसकी तलाश की जा रही थी। शनिवार को पुलिस टीम सुबह 10 बजे के करी सिकरारा चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी।
इसी बीच, मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर में वांछित व 25 हजार का इनामी शातिर संगम यादव कहीं जाने के फिराक में बरगुदर पुल के पास किसी वाहन की प्रतीक्षा में खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंच कर उसे दबोच लिया। नाम पता तस्दीक कर उसे विधिक कार्रवाई के पश्चात जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
सीओ परमानंद कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिले के खुटहन थाने में पांच, बदलापुर थाने में दो, लाइन बाजार थाने में तीन, शाहगंज थाने में दो, सरायख्वाजा थाने में एक और सिकरारा थाने में एक मुकदमा दर्ज है।