जौनपुर/शाहगंज। गांवों को सैनिटाइजेशन नहीं कराए जाने पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने सोमवार को पीएचसी करंजाकला का औचक निरीक्षण किया। यहां वैक्सीनेशन कम होने पर भी मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने शाहगंज सीएचसी में बने 40 बेड के एल-1 अस्पताल का भी निरीक्षण किया।
करंजाकला पीएचसी पहुंचे राज्य मंत्री ने रैपिड रिस्पांस टीम की प्रगति रिपोर्ट और दवाओं के वितरण की जानकारी ली। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव से वैक्सीनेशन के बारे में पूछा। वैक्सीनेशन कम होने पर इसे गति देने को कहा। राज्य मंत्री ने कहा कि लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि वह वैक्सीनेशन के लिए आगे आएं। दवा वितरण किट पर संतुष्टि जाहिर की। इस मौके पर डॉ. योगेश प्रताप सिंह, सत्यलाल यादव फार्मासिस्ट, रमेश चंद्र, नीरज मिश्रा आदि मौजूद रहे। उधर, शाहगंज में बने कोविड एल-1 अस्पताल का निरीक्षण कर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा व डॉक्टर अमित सिंह से अस्पताल की व्यवस्था पर बातचीत की। साथ ही मरीजों को बेहतर इलाज व कोरोना लक्षणयुक्त मरीजों को मेडिकल किट वितरित करने का निर्देश दिया। आरके हॉस्पिटल में बने कोविड अस्पताल का भी निरीक्षण किया। मरीजों व उनके परिजनों से मिलकर जानकारी लेते हुए अस्पताल संचालक डॉ. जेपी दुबे से ऑक्सीजन व दवा आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए भर्ती मरीजों को बेहतर इलाज का निर्देश दिया।