जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज मुरारपुर चौहान बस्ती में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सेंधमारी कर एक घर और दो दुकान में लाखों की चोरी की। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। करीब पांच लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी हुआ है।
हौज गांव निवासी जय सिंह चौहान परिवार के साथ घर के बाहरी हिस्से में सोए थे। घर के दूसरे सदस्य बरामदे में थे। बृहस्पतिवार को देर रात घर के पीछे से दीवार में सेंध लगाकर चोर घर में घुस गए। एक कमरे में रखे तीन बक्से को सेंध के रास्ते से निकाल ले गए। घर से थोड़ी दूर पर स्थित नाले के किनारे पेटी तोड़कर उसमें रखे सोने तीन मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने की नथिया, बिछिया और 17 हजार रुपये चुरा ले गए। सुबह नाले के किनारे टूटी पेटी बरामद हुई। जय सिंह के घर से थोड़ी दूर पर स्थित सुमित्रा देवी के जनरल स्टोर की दुकान में सेंध लगाकर जनरल स्टोर में रखे हजारों रुपये के सामान उठा ले गए। बगल में स्थित रामलखन की आटा चक्की की दुकान के दरवाजा का ताला तोड़कर उसमें रखे गल्ले को उठा ले गए। राम लखन ने बताया कि गल्ले में एक हजार रुपये नकद रखे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।