27- सुबह में घने कोहरे की चादर से ढ़का शाही पुल।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। शीतलहर और ठंड से ठिठुरते लोगों के लिए शनिवार का दिन राहत भरा रहा। दिन की शुरुआत भले ही घने कोहरे के बीच हुई, लेकिन धुंध हटते ही तेज धूप खिली तो लोगों को सर्दी से भी राहत मिली। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम साफ होने से बाजारों में चहल-पहल भी खूब रही।
मंगलवार से अचानक मौसम में बदलाव के बाद से ठंड में इजाफा हुआ था। तेज सर्द हवाओं के चलते लोग घरों में कैद होकर रह गए थे। तापमान सात डिग्री तक लुढ़क गया था। सूर्य के दर्शन को लोग तरसते रहे। ठंड से ठिठुरते लोगों को शनिवार को बड़ी राहत मिली। सुबह वातावरण में घना कोहरा छाया रहा, दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छटता गया और सतरंगी घोड़े पर सवार सूरज ने अपनी लालिमा बिखेरी तो लोगों के चेहरे पर भी खुशी छा गई। दिन भर लोग छत, आंगन और पार्क में बैठकर धूप का आनंद लेते दिखे। बच्चों-महिलाओं की भीड़ पार्कों में नजर आई तो बाजारों में भीड़ अधिक थी। दिन का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेंटीग्रेड तो अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया, जबकि शुक्रवार को तापमान 9 और 19 डिग्री था।