जफराबाद। थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव में बुधवार की देर रात एक 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नाथूपुर गांव निवासी जावेद की शादी 2014 में आजमगढ़ के फूलपुर निवासी मोहम्मद गुलशन की पुत्री रुक्सार से हुई थी। रुक्सार को शादी के सात वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई संतान नहीं थी। रुक्सार का पति जावेद सऊदी रहता है। परिवार के लोगों के मुताबिक बुधवार को रुक्सार का पति से मोबाइल पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद रुक्सार घर के कमरे में चली गई। रात को 11 बजे वह चीखने घबराने लगी। परिवार के लोग उसको जिला अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका की मां शबाना अन्य लोगों के साथ नाथुपुर आकर भोर में ही थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह को शव का पोस्टमार्टम करवाने की तहरीर दी। उसने संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि मेरी बेटी को जहर देकर मारा गया है। थानाध्यक्ष जफराबाद योगेंद्र सिंह ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।