सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में ककोरगहना गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मृतका के पिता ने थाने पर तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
ककोर गहना निवासी राजकुमार गुप्ता (25) का विवाह सविता (22) पुत्री रमाशंकर के साथ 6 माह पूर्व हुआ था। राजकुमार गुप्ता के परिवार का कहना है कि सविता काफी दिन से बीमार चल रही थी। बीमारी के कारण इनकी मौत हो गई। ससुराल वालों ने शुक्रवार देर रात सविता के पिता रमाशंकर गुप्ता को फोन पर बताया उनकी बेटी की तबीयत खराब है। इसे अस्पताल भर्ती कराना है। सूचना मिलते ही रमाशंकर महराजगंज थाना क्षेत्र के सलामतपुर निवासी शनिवार सुबह जब सविता के ससुराल पहुंचे उन्होंने अपनी बेटी को मृत पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की शादी नवंबर 2020 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर बेटी को प्रताड़ित करते थे। बेटी की मौत की सूचना पर मौके पर पहुंचे तो उसके बिस्तर पर खून के निशान थे और चूड़ियां टूटी हुई थी। मायके वालों ने आशंका जताई है कि सविता की दहेज के लिए हत्या की गई है। सीओ रणविजय सिंह व थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा सरायख्वाजा मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गए ।सीओ ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।