जौनपुर के मोहम्मदपुर गांव के पास मई रोड पर स्थित शराब की दुकान के सामने करीब छह की संख्या में मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से अंडा व चना विक्रेता की पिटाई कर दी। बीचबचाव करने पहुंचे उसकी बहन और जीजा को भी मारपीट कर घायल कर दिया। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। घायलों ने चार राउंड फायरिंग का भी आरोप लगाया है।
मोहम्मदपुर निवासी असलम (60) सरकारी शराब की दुकान के सामने अंडे की दुकान चलाता है। 15 दिन पहले दुकान पर पैसे को लेकर कुछ युवकों से वाद-विवाद हो गया था। उसी बात को लेकर रविवार को बाइक सवार छह युवक पहंचे। असलम की दुकान पर बैठे उसके पुत्र कुर्बान अली (24) की पिटाई शुरू कर दी।
उसे बचाने आई उसकी बहन रानी(38) और जीजा मोहम्मद रोशन (40) को भी मनबढ़ों ने पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलवरों ने फायरिंग भी की। थानाध्यक्ष विवेक तिवारी ने बताया कि दो नामजद समेत पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। फायरिंग का मामला संदिग्ध है।