जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी पुलिस चौकी के सिपाहियों का अमानवीय चेहरा सामने आया है। आरोप है कि पुलिस चौकी परिसर में बेरहमी से पिटाई के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ककरहिया पुरवा निवासी फूलचंद राम(38) का भाई से चार दिन पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी मामले में पुलिस दो दिन पहले फूलचंद को पुलिस चौकी ले गई थी। वहां पांच सिपाहियों ने उसकी पिटाई करने के बाद शांति भंग में चालान कर दिया। किसी तरह जमानत कराकर वह घर पहुंचा तो उसकी हालत गंभीर हो गई।
पीड़ित की पत्नी ने उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर वह कोतवाली गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभम तोड़ी का कहना है कि अभी तक किसी ने उनसे किसी ने शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।