जलालपुर। महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले में स्थित त्रिलोचन महादेव का एक क्विंटल फूलों से भव्य शृंगार किया गया। विवाह के दिन बाबा को फूलों का सेहरा पहनाया गया। इस अवसर पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का दर्शन किया। श्रद्धालुओं से करीब 10 लाख रुपये से अधिक का चढ़ावा आया है।
शनिवार को तड़के सुबह 5 बजे से ही सभी शिवालयों में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही जो देर रात तक बरकरार रही। मंदिर प्रबंधक मुरलीगिरी ने बताया की बाबा काे गुलाब, मोगरा, कुंद, चमेली के फूलों से बना सेहरा पहनाया गया है। इसमें अंगूर, बेर आदि फलों का उपयोग भी किया गया है। वहीं, जफराबाद क्षेत्र के राजेपुर रामेश्वरम महादेव, कल्याणपुर के जोगीबीर बाबा मंदिर, सिरकोनी के पटैला महादेव मंदिर,वीरभानपुर के शिव मंदिर, कजगांव माधोपट्टी के शिव मंदिर, अहमदपुर शिवाला, जमैथा के परमहंस आश्रम सहित अन्य मंदिरों में भगवान शंकर को जलाभिषेक किया गया।
बरईपार: क्षेत्र के लधेश्वरनाथ महादेव, बटेश्वरनाथ महादेव, विशंभरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लोगों की भीड़ रही।
मुफ्तीगंज: क्षेत्र के शिव मंदिरों आजाद नगर , देवकली , पटखौली मेें जलाभिषेक के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
बक्शा: शंभूगंज बाजार स्थित स्वयंभू सारनाथ (साईंनाथ) मंंदिर पर महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंदिर पुजारी माला शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार सुबह चार बजे महाआरती के बाद दर्शन के लिए कपाट खोल दिया गया। मेले में एसडीएम सदर पवन कुमार, तहसीलदार सौरभ कुमार, मौजूद रहे।
सुजानगंज : श्री गौरीशंकर मंदिर में शुक्रवार को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। फूल, बेलपत्र, दूध, अक्षत भगवान शिव को अर्पित किया। मंदिर के प्रबंधक सुधीर तिवारी ने बताया कि मंदिर समिति के पदाधिकारी सेवा में लगे हैं।
शाहगंज: नगर के गोपेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
जफराबाद: राजेपुर त्रिमुहानी के रामेश्वर महादेव मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ रही। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित राम चरित मानस में राजेपुर त्रिमुहानी महत्वपूर्ण तपोभूमि का उल्लेख हुआ है। दर्शन-पूजन के लिए मंदिर में दिन भर भीड़ रही।
बदलापुर: प्राचीन मंदिर गौरी शंकर धाम चंदापुर में दर्शन पूजन व जलाभिषेक करने के लिए शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पुजारी दयाशंकर दास त्यागी ने बताया कि करीबन 25 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। गौरी शंकर धाम चंदापुर में जिले के कोने से भक्त दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री रामचरितमानस का आयोजन किया जाता है। दूसरे दिन हवन यज्ञ के बाद भंडारा का आयोजन होता है।