सुजानगंज। क्षेत्र के फरीदाबाद में बेलवार रोड पर मोबाइल की दुकान में रविवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों का सामान चुरा लिया। मोबाइल सेट के अलावा सीसी टीवी कैमरा, कंप्यूटर और दूसरे समान भी समेट ले गए। वारदात के स्थल से महज चार सौ मीटर की दूरी पर ही पुलिस थाना है।
फरीदाबाद निवासी राकेश पटेल की बेलवार रोड पर मोबाइल की दुकान है। रविवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह जब कोई दुकान के बगल कूड़ा फेंकने गया तो सेंध देखकर राकेश को सूचना दी। कुछ ही देर में राकेश मौके पर पहुंच गए और दुकान में जाने पर वे सन्न रह गए। दर्जनों मोबाइल सेट, बैटरी, टीएफटी मॉनीटर, सीसी टीवी कैमरा आदि चोर उठा ले गए थे। इसके पहले भी इस दुकान में चोरी हो चुकी है। थाने से महज चार सौ मीटर की दूरी पर चोरी से लोगों में भय बना हुआ है।