जौनपुर में जर्जर और ढीले विद्युत तारों का जाल शहर से लेकर गांव तक फैला है। इन जर्जर तारों को ठीक नहीं किया गया तो जिले में भी बलिया जैसी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। जर्जर तारों के चलते पूर्व में जिले में भी हादसे हो चुके हैं बावजूद इसके जिम्मेदारों ने उन घटनाओं से सबक नहीं लिया।
शहर के चहारसू, पुरानी बाजार, कोतवाली, सिपाह, उर्दू बाजार, रासमंडल, ओलंदगंज आदि कई प्रमुख इलाकों में बिजली के जर्जर और ढीले होकर नीचे तक लटक रहे विद्युत प्रवाहित तारों का जाल फैला हुआ है। शहर में बिजली के तार को अंडरग्राउंड करने की योजना से भी कोई राहत नहीं मिल सकी। शहर की घनी आबादी वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर जहां भी नजर ऊपर की तरफ करें तो जर्जर तारों का जाल दिख जाएगा। इन तारों के कारण हमेशा खतरा मंडरा रहा है फिर भी जिम्मेदार इन तारों को बदलने में रुचि नहीं ले रहे। जर्जर तार बदलने की बात तो बिजली विभाग के अफसर वर्षों से कर रहे हैं लेकिन आजतक जर्जर तारों को नहीं बदला जा सका। तार टूटकर गिरता है तो उसे ठीक करने के नाम पर घंटों बिजली की आपूर्ति बाधित होती है। पचास साल से भी अधिक पुराने तार वैसे ही पोल से लटक रहे हैं।
-
खेत में गिरा एचटी तार, नीलगाय की मौत
बदलापुर। क्षेत्र के रारी कला गांव में बुधवार की रात शिव प्रसाद गुप्ता के सरसों के खेत में हाईटेंशन तार पोल से टूट कर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से नीलगाय की मौत हो गई। खेत में गिरे तार में सारी रात बिजली प्रवाहित होती रही। अगर यही तार दिन में पोल से टूटकर जमीन पर गिरा होता तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। गुरुवार को सुबह गांव के जोखूराम ने खेत में गिरे तार की सूचना खेत के मालिक और ग्राम प्रधान बब्लू को दिया। ग्राम प्रधान ने सूचना देकर सप्लाई बंद करवाया।
-
किशोर की गई थी जान
बदलापुर। जर्जर तारों के टूटने से अक्सर घटना होती रहती है। ऐसा ही हादसा बीते वर्ष मुरादपुर कोटिला गांव में हुआ था। जिसमें एक किशोर पन्नालाल (14 ) की मौत हो गई थी। पन्नालाल खेत में काम कर रहा था उसी दौरान जर्जर तार पोल से टूटकर उसके ऊपर गिरा और करंट की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई थी।
-
जर्जर हो चुके बिजली के तार बदलने के लिए इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है। अभी तक सामान नहीं मिल सका है जिससे ताल बदलने में देरी हो रही है। सामान मिलते ही सभी जर्जर तार बदल दिए जाएंगे। -रंजीत कुमार, एसडीओ विद्युत उपखंड खंड बदलापुर।