जौनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जिले में शनिवार से आरंभ हुई। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और बीडीसी सदस्यों के नामांकन पत्र 21 ब्लाकों में बने काउंटर पर जमा कराए गए। वहीं जिला पंचायत सदस्य पदों का नामांकन कलक्ट्रेट परिसर में बने सात काउंटरों पर हुआ। पहले दिन नामांकन के लिए भारी भीड़ रही। लंबी कतारों में लगकर उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा करने को बेचैन दिखे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। डीएम-एसपी ने भी कई ब्लाकों में पहुंचकर नामांकन कार्य का जायजा लिया। कोविड-19 के मानकों का पालन करते हुए नामांकन की हिदायत दी ।
चुनाव में विभिन्न पदों पर भाग्य आजमाने के लिए बेचैन दावेदारों की भीड़ सुबह से ही नामांकन स्थल पर जुटने लगी थी। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और हाथ सैनिटाइज कराने के बाद ही दावेदारों को परिसर में प्रवेश दिया गया। सुजानगंज, धर्मापुर, सिकरारा, महराजगंज सहित कई ब्लाकों में सुबह नौ बजे तक ही नामांकन के लिए सभी काउंटरों पर कतार लग गई थी। दिन चढ़ने के साथ कतार बढ़ती ही गई। मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, रामनगर, मड़ियाहूं ब्लाकों में भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग दरकिनार थी। लोग पहले फार्म जमा करने के लिए जूझते रहे। महराजगंज, बरसठी सहित कई ब्लाकों में नामांकन के दौरान मतदाता सूची की खामियों के कारण विवाद की स्थिति भी बनी। बाद में वरिष्ठ अफसरों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य पदों के नामांकन के लिए कोर्ट संख्या 11 से 17 में काउंटर लगाए गए थे। कुल 83 पदों के लिए यहां भी पूरे दिन नामांकन के लिए दावेदारों की भीड़ जुटी रही। महिलाएं भी पूरे जोशो-खरोस के साथ नामांकन करने पहुंची। इस दौरान तीखी धूप और गर्मी से उम्मीदवार बेहाल भी नजर आए।
---
खेत में बैठकर जांचे दस्तावेज
शाहगंज/सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर ब्लाक मुख्यालय पर नामांकन पत्र जमा करने आए उम्मीदवारों को पानी के लिए भटकना पड़ा। सुबह काउंटर खुलते ही प्रत्याशियों में पर्चा दाखिल करने की होड़ लग गई। चिलचिलाती धूप को सहन करते हुए कतारबद्ध लोगों को घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। फिर भी नामांकन पत्र जमा करके ही दम लिया। तेज धूप के कारण टैंकर का पानी भी गर्म हो गया, जिससे प्यास बुझाने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। शाहगंज में भीड़ की मारामारी में प्रत्याशी खेतों में बैठकर अपने नामांकन पत्रों को अच्छी तरह से परीक्षण कर व उसे जमा करने की तैयारी में जुटे रहे।
----
225 ने स्टेट बैंक में 175 ने ब्लाक में जमा किया चालान
मछलीशहर। पंचायत चुनाव में नामांकन करने के लिए जमानत राशि जमा करने का सिलसिला जारी है। शनिवार को नामांकन के दिन भी 225 लोगों ने एसबीआई शाखा में पैसा जमा कर रसीद ली तो 175 ने मछलीशहर ब्लाक के काउंटर पर जमानत राशि जमा की। ब्लाक में जमानत राशि जमा नहीं किए जाने के बाद बैंक पहुंचे दावेदार को मैनेजर ने रविवार को भी पैसा जमा करने का आश्वासन दिया। एसबीआई के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार जायसवाल ने बताया कि रविवार को अवकाश में भी बैंक खोलकर चालान जमा कराया जाएगा।
---
दुबई से आकर दंपती ने किया नामांकन
राजाबाजार। गांव की पंचायतों के विभिन्न पदों पर काबिज होने का ऐसा आकर्षण है कि एक दंपती चुनाव लड़ने के लिए दुबई से गांव आ गया है। महराजगंज क्षेत्र के गजाधरपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र सिंह का दुबई में कारोबार है। कारोबार के सिलसिले में अक्सर वह दुबई ही रहते हैं। पंचायत चुनाव लड़ने के लिए कुछ दिन पहले ही गांव आए। उन्होंने क्षेत्र के भीमपुर से बीडीसी सदस्य का पर्चा भरा तो वहीं उनकी पत्नी मीरा सिंह ने भी गजाधरपुर ग्राम पंचायत से प्रधान पद के लिए दावेदारी की। हरिश्चंद्र सिंह के भतीजे विनय सिंह की पत्नी मांडवी सिंह ब्लाक की निवर्तमान प्रमुख भी हैं।
----
पांच बजे के बाद भी लगी रही कतार
सिकरारा। ब्लॉक पर नामांकन के लिए सुबह से ही उम्मीदवारों की भीड़ लगी रही। दिन भर लोग कतार में खड़े होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते रहे। नामांकन का आलम यह रहा कि अंतिम समय शाम 5 बजे के बाद भी कई लोग कतार में खड़े रहे। सबका नामांकन पत्र जमा करने का आश्वासन देते हुए ब्लाक अधिकारी प्रक्रिया को पूरी करने में देर शाम तक जुटे रहे।
---
नामांकन से रोकने का आरोप, मचाया हंगामा
राजाबाजार। महराजगंज ब्लाक में पहला नामांकन सीड़ गांव से प्रधान पद के लिए रामसुख यादव ने सुबह 8.10 बजे किया। इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया तेज हुई। करीब दस बजे सीडीओ अनुपम शुक्ल ने ब्लाक कार्यालय पहुंचकर नामांकन कार्य का जायजा लिया। उनके जाने के कुछ देर बाद ही टेबल संख्या तीन पर हंगामा हो गया। विझवट गांव निवासी अमित दुबे का आरोप था कि उनकी पत्नी अंजू दुबे को बीडीसी सदस्य पद के लिए नामांकन से रोका जा रहा है। उन्होंने एक अधिकारी पर बदसलूकी का भी आरोप लगाया। होहल्ला मचाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद नामांकन पत्र जमा हुआ।
---
सड़कों पर पसरा सन्नाटा, दफ्तरों में रही भीड़
मछलीशहर। पर्चा दाखिला के लिए कागज तैयार करने और नामांकन दाखिल करने के लिए लोग सुबह से ही विभिन्न कार्यालयों में जमा हो गए थे। कार्य में व्यस्त होने के कारण नगर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। मछलीशहर में 10 काउंटर पर पर्चा दाखिल किया जा रहा है। जिन लोगों का नामांकन का कागज अधूरा है वह नो ड्यूज लेने के लिए ग्राम विकास सहकारी बैंक शाखा में लाइन लगाकर खड़े थे तो बैक में चालान और तहसील में शपथ पत्र के लिए भीड़ लगी रही। साप्ताहिक बंदी के कारण पुलिस ने सख्ती बरतते हुए दुकानों को बंद करवा दिया था। इसके चलते नगर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
----
भीड़ रोकने में नाकाम रहा प्रशासन
आलमगंज। रामपुर ब्लाक के मुख्य गेट तक प्रत्याशियों के समर्थकों का हुजूम लगातार लगा रहा। समर्थक अपने प्रत्याशियों को ब्लाक मुख्यालय के मेन गेट तक जुलूस की शक्ल में पहुंचा रहे थे। जौनपुर-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर ब्लाक होने के कारण राहगीरों को आवागमन में काफी समस्या हुई। नामांकन करने आएलोगो के साथ भी गाड़ियों का लंबा काफिला रहा। ब्लाक के दोनों तरफ दो किमी तक प्रत्याशियों और समर्थकों के गाड़ियों की भीड़ लगी रही।पार्किंग स्थल निर्धारित होने के बाद भी लबे सड़क वाहन खड़े रहे। सोशल डिस्टेंसिंग का कोई भी पालन नहीं कर रहा था।
---
एक ही परिवार से कई दावेदार
राजाबाजार। विकासखंड की निवर्तमान ब्लाक प्रमुख मांडवी सिंह ने वार्ड विझवट से बीडीसी सदस्य का पर्चाभरा तो जेठ डॉ. संजय सिंह ने भीमपुर, जेठानी डॉ. ज्योति सिंह ने सीड़ वार्ड से नामांकन किया। सास कमला सिंह ने बैहारी से बीडीसी सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र जमा किया। उनके चचेरे सास-ससुर ने भी नामांकन पत्र जमा किया है। एक ही परिवार से कई दावेदार होने से चर्चाएं जोरों पर रही।
---
मनबढ़ों को सीओ ने खदेड़ा
जफराबाद। सिरकोनी ब्लाक में नौ न्याय पंचायतों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। सुबह से ही सभी काउंटरों पर भीड़ रही। तेज धूप के कारण लोग दूर तक जाकर टोल नाके के नीचे तक जमा रहे। दोपहर में एसडीएम केराकत चंद्रप्रकाश पाठक, सीओ शुभम टोडी ने कार्यालय का निरीक्षण किया। काउंटर के पास बिना कारण बैठे लोगों को तत्काल बाहर निकाला। मना करने के बाद भी जब कुछ मनबढ़ किस्म के लोग परिसर से नहीं निकले तो सीओ ने खुद उन्हेंडंडा लेकर दौड़ाया। उनका यह रूप देख लोग भागने में ही भलाई समझे।
---
प्रस्तावक को अंदर न जाने देने पर जताया आक्रोश
जलालपुर। ब्लाक मुख्यालय पर फार्म जमा करते समय प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक को अंदर जाने की अनुमति पहले से अफसरों ने दी थी। कुछ देर तक तो सब ठीक रहा, मगर बाद में अचानक से गेट पर प्रस्तावकों को रोका जाने लगा। केवल महिला प्रत्याशी के साथ ही प्रस्तावक जाने का फरमान सुन दावेदार उग्र हो गए। डीएम के समक्ष भी लोगों ने अपनी नाराजगी जताई। डीएम ने बीडीओ और एसओ को बुलाकर निर्देश दिया कि प्रत्यासी के साथ एक प्रस्तावक जाएगा, जो नामांकन स्थल से थोड़ी दूरी पर बैठा रहेगा। बुलाये जाने पर ही अंदर नामांकन खिड़की के पास जाएगा, तब जाकर लोगो का आक्रोश शांत हुआ।
----
किसी ने मनाया दिशाशूल तो कोई पूजा कर पहुंचा
सिंगरामऊ। चुनाव जीतने के लिए दावेदार टोने-टोटके से भी बाज नहीं आ रहे। शनिवार को नामांकन के दौरान कई उम्मीदवार दिशाशूल और भद्रा मनाते रहे। उन्होंने नामांकन पत्र जमा करने की पूरी तैयारी तो की, लेकिन ऐन वक्त पर मूहुर्त ठीक न होने की बात कह नामांकन स्थल पर नहीं गए। उधर, तमाम दावेदारों ने सुबह मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। आराध्य देव का आशीर्वाद लेने के बाद नामांकन स्थल पर रवाना हुए। जिला पंचायत सदस्य का एक प्रत्याशी नंगे पांव ही नामांकन पत्र जमा करने कलेक्ट्रेट पहुंचा था।
---
मतदाता सूची को लेकर हंगामा
जौनपुर। नामांकन के दौरान कई जगहों पर प्रशासन की अव्यवस्थाएं भी खूब दिखीं। ब्लाकों पर संशोधित मतदाता सूची न पहुंचने से आरओ-एआरओ उलझे रहे। प्रत्याशियों के पास मौजूद सूची में नाम का क्रमांक कुछ था, जबकि आरओ के पास उपलब्ध सूची में नाम अन्यत्र था। बरसठी के पलटूपुर गांव की मतदाता सूची में क्रमांक एक हजार पर अभय राम का नाम था, जबकि ब्लाक की सूची में दयाराम गुड़िया अंकित था। इसे लेकर काफी माथापच्ची हुई। संशोधित सूची आने तक नामांकन अटका रहा। उधर, पंचस्थानीय चुनाव कार्यालय में भी संशोधित सूची पाने के लिए देर शाम तक लोगों की कतार लगी रही। कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा भी मचाया।
कलेक्ट्रेट में नन्हीं बच्ची के साथ नामाकंन कर बाहर आती महिला। संवाद- फोटो : JAUNPUR
जलालपुर ब्लॉक पर नामाकंन करने के लिए कतार में खड़े लोग। संवाद- फोटो : JAUNPUR