Chandauli News: बिहार और आसपास के जिलों से अवैध तरीके से जिले में आ रहे ओवलोड बालू और गिट्टी लदे ट्रकों के खिलाफ परिवहन और खनन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया है। पिछले एक माह में पकड़े गये ट्रकों पर जुर्माने की कार्रवाई के साथ ट्रक चालकों के डीएल (ड्राइविंग लाइसेंस) रद्द किये जाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। परिहवन विभाग की ओर से 56 ट्रक चालकों के डीएल रद्द करने की अनुशंसा की गई है। इसमें चंदौली के अलावा गाजीपुर, आजमगढ़, सोनभद्र के अलावा बिहार एवं झारखंड के चालक शामिल है।
जिले में बालू और गिट्टटी के ओवरलोडिंग का खेल काफी पुराना है। ओवलोडिंग और अवैध खनन के चलते बिगड़ रही छवि को सुधारने के लिए एआरटीओ और खनन विभाग ने सख्त रूख अपनाते हुए ट्रकों के विरूद्ध कार्रवाई शुरू की। विभाग की ओर से एक माह के भीतर लगातार कार्रवाई की गई।
इसके पहले अवैध खनन और ओवरलोड ट्रक के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाती थी। वहीं, अब विभाग के अधिकारियों की ओर से ओवरलोडिंग और अवैध खनन में शामिल ट्रकों के साथ उनके चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
उपसंभागीय परिहवन की अधिकारी ओर से 56 ट्रकों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किये जाने की अनुशंसा की गई है। इसमें 29 बिहार, आठ चंदौली के हैं। वहीं 19 में आजमगढ़, सोनभद्र और गाजीपुर के अलावा झारखंड और बिहार के ट्रक चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किये जाने के लिए वहां के परिवहन विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा है।