उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय टेकारी पहुंचे, परिजनों से मिल दिए सांत्वना। स्र
- फोटो : Samvad
सिकरारा। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को दोपहर क्षेत्र के टेकारी गांव पहुंच कर कारोबारी संदीप सिंह के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। इनके हित की लड़ाई के लिए परिवार के साथ खड़े रहने का वादा किया।
कहा कि 41 वर्षीय संदीप सिंह की बीते बुधवार को रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अपने सहयोगियों के साथ लखनऊ से वाराणसी जाते समय क्षेत्र के टेकारी गांव पहुंच कर संदीप सिंह के भाई सतीश व उनके बच्चों से मिलकर हत्यारों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि जौनपुर से निकल कर लखनऊ में परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रहे एक युवक की हत्या हो जाती हैं और सरकार दिखावा के लिए कुछ गिरफ्तारियां कर खानापूर्ति कर रही है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जहां मुख्यमंत्री, गवर्नर, डीजीपी, प्रमुख सचिव जैसे सरकार चलाने वाले लोग रहते हैं, वही दिनदहाड़े हत्या हो जाती हैं ,इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा। इस पर तत्काल दंडात्मक कार्यवाही होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को एक करोड़ की सहायता राशि व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देनी चाहिए।