बदलापुर। केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए बदलापुर क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव में चिह्नित की गयी नौ एकड़ जमीन का प्रस्ताव डीएम के माध्यम से शासन को भेज दिया गया। विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर केन्द्रीय विद्यालय के लिए आरक्षित जमीन का हवाला देते हुए निर्माण कराए जाने के लिए धन स्वीकृत करवाने की मांग की है।
विधायक ने सीएम से मिलकर क्षेत्र के बछुआर गांव में मिनी उद्योग स्थापित करने के लिए खाली पड़ी जमीन पर अमूल दूध का प्लांट स्थापित कराए जाने की भी मांग उठायी। मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए प्रस्ताव में विधायक ने कहा है कि क्षेत्र में दुधारू पशुओं की संख्या 22 हजार है। बदलापुर में कुल दुग्ध उत्पादन करीब डेढ़ लाख लीटर होता है। अमूल दुग्ध प्लांट खुलने से किसानों, पशुपालकों की आय जहां दुगुनी होगी वहीं क्षेत्रीय लोगो के लिए रोजगार का सृजन होगा। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया है कि वर्ष 2022 में बदलापुर के मैनुद्दीनपुर में केन्द्रीय विद्यालय तथा बछुआर में अमूल दूग्ध प्लांट स्थापित किया जाएगा।