खुटहन। लोनियापट्टी गांव में सोमवार की रात पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये सहित साढ़े तीन लाख के आभूषण पार कर दिए। घटना की जानकारी दूसरे दिन सुबह होने पर स्वजनों के होश उड़ गए। आसपास जगहों पर तलाश के बाद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव निवासी लालता प्रसाद प्रजापति का परिवार रोज की तरह भोजन के बाद घर के बाहर सो गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि रात में अज्ञात चोर पीछे की दीवार फांद छत से नीचे आंगन में उतर गए। अंदर कमरे का दरवाजा तोड़ भीतर रखे बाक्स से नगदी सहित लाखों के जेवर उठा ले गए। मंगलवार की सुबह जब परिजन घर के भीतर गए तो कमरे का ताला टूटा देखकर दंग रह गए। उसमें रखा नकदी व जेवर नदारत देख उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। परिजनों का आरोप है कि बाक्स में 50 हजार रुपये, सोने का मांग टीका, झुमका, नथुनी, दो अंगूठी, दो लॉकेट, मंगलसूत्र तथा चांदी के पायल चोर उठा ले गए। जिसकी कीमत साढ़े तीन लाख से अधिक है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने बताया कि थाने में तहरीर दी है। मामले की जांच किया जा रहा है।