महराजगंज। थाना क्षेत्र के भोडेपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की विवाहिता पुत्री ने बुधवार की देर शाम पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पति, सास, ससुर सहित दो देवर के विरुद्ध दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने व मारने पीटने का आरोप लगाया है। विवाहिता के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने पति सहित पांच के विरुद्घ दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पवारा थाना क्षेत्र के भोडेपुर गांव निवासी किशुनपाल पटेल की विवाहिता पुत्री नीतू पटेल ने बुधवार की शाम पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में उसकी शादी हिंदू रीत रिवाज के साथ रामकोला गांव निवासी त्रिभुवन पटेल के पुत्र राजकुमार पटेल के साथ हुई थी। शादी के समय तीन लाख रुपये सहित एक बाइक, अंगूठी, चैन व अन्य जरूरी सामान दिया गया था। शादी के कुछ महीनों बाद पति राजकुमार पटेल, ससुर त्रिभुवन, सास श्यामकली और दोनों देवर शिवकुमार व कृष्ण कुमार दो लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। उसके पिता द्वारा दो लाख रुपये न दिए जाने के कारण उसके ससुराली जन आए दिन मारते पीटते व प्रताड़ित करते हैं। जिससे आजिज आकर विवाहिता ने पति, सास, ससुर व दोनों देवरों के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाई की मांग की है। जिस पर पुलिस ने पति राजकुमार, ससुर त्रिभुवन, सास श्यामकली और देवर शिव कुमार व कृष्ण कुमार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।