जौनपुर। यूपी टीईटी की 22 दिसंबर को होने वाली परीक्षा के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में बैठक हुई। सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक व केंद्र व्यवस्थापकों को डीएम ने सकुशल परीक्षा कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण रुप से संपन्न होनी चाहिए। सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था को सुनिश्चित करने को कहा। प्रभारी डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से 12.30 बजे तक और अपराह्न ढाई से 05 बजे तक संपन्न में होगी। प्रथम पाली में 33429 परीक्षार्थी और द्वितीय पाली में 14472 परीक्षार्थियों सहित कुल 47901 परीक्षार्थी परीक्षा मेें सम्मिलित होंगे। प्रथम पाली में 50 और द्वितीय पाली में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंच जाएं। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ एक फोटो पहचान पत्र अवश्य लाएं। परीक्षार्थियों को मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रानिक वस्तु लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा में परीक्षार्थी काले बाल पेन का ही प्रयोग करें पेंसिल का प्रयोग किसी भी दशा में न करें। सेक्टर मजिस्ट्रेट पर्यवेक्षक और केंद्र व्यवस्थापकों को भी कैमरायुक्त मोबाइल परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में एसपी अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।