तेरहवीं का खाना खाकर 47 बीमार
- उल्टी-दस्त की शिकायत पर अस्पतालों में भर्ती
- गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, बांटी दवा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवढ़िया। रामनगर ब्लाक के जुड़पुर गांव में तेरहवीं का भोजन खाकर दर्जनों लोग बीमार हो गए हैं। लगातार उल्टी-दस्त की होने पर पीड़ितों ने पहले गांव के आसपास निजी डॉक्टरों से इलाज कराया, सुधार न होने पर सीएचसी पर सूचना दी। बुधवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने परीक्षण के बाद सबको दवा दिया। साफ-सफाई बरतने की सलाह दी।
गांव निवासी दयाशंकर गिरी के घर 13 दिसंबर को तेरहवी का कार्यक्रम था। इसमें गांव के लोगों के साथ उनके सगे संबंधी भी शामिल हुए थे। भोजन करने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी-दस्त शुरू हो गयी। ग्रामीणों ने तो पहले स्थानीय डॉक्टरों के माध्यम से उपचार कराया। सुधार नहीं हुआ तो अन्य निजी अस्पतालों में पहुंचे। गांव के शनि सरोज (17), आशीष यादव (21), राजू सरोज (20), विपिन (16), शिवपूजन (22), भीम सरोज (20), रोहित यादव (10), विकास गिरी (6), पूजा वनवासी (7), अनिल बनवासी (21), गोलू यादव (9), विशाल सरोज (8) , सुंदर प्रजापति (9), फूलपत्ती देवी (60), विकास पाल (16), शनि (18), राजू (17) सहित 47 लोग पीड़ित बताए जा रहे हैं। बुधवार को सूचना पाकर सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.आलोक सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। भोलू प्रजापति की स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जूड़पुर गांव के मुसहर बस्ती में भी पहुंचकर उपचार किया और दवाइयां वितरित की। स्वास्थ्य टीम में डॉ.राकेश शर्मा, संदीप उपाध्याय, कस्तूरा देवी, पूजा शामिल रहे। इस संदर्भ में चिकित्सा प्रभारी रामनगर डॉ.आलोक सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर को जब स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंची तो 47 लोग फूड प्वाइजिंग के शिकार पाए गए। बस्ती में मौजूद 22 लोगों का स्वास्थ्य टीम ने उपचार किया और क्लोरीन की दवाइयां वितरित की। अन्य लोगों का निजी अस्पतालों में उपचार हो रहा है।