करंजाकला। शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर शुक्रवार की रात पूविवि के पास ट्रक से टकराकर एसयूवी क्षतिग्रस्त हो गई। एसयूवी सवार लोगों ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया। सिद्दीकपुर के पास चालक को जबरन उतारकर अपने साथ ले गए। 18 घंटे बाद भी चालक का पता नहीं है। सूचना पर हरकत में आई पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। खलासी की तहरीर पर अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना अंतर्गत बघरा गांव निवासी प्रकाश यादव शाहगंज में गिट्टी उतारकर लौट रहा था। शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर पूविवि के पास ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही एसयूवी ट्रक में घुस गई। एसयूवी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एसयूवी सवार लोगों ने ट्रक का पीछा कर रात करीब साढ़े 11 बजे सिद्दीकपुर के पास ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया।
ट्रक खलासी मिर्जापुर के ही चील्ह थाना क्षेत्र के मझली पट्टी निवासी हंसराज यादव के मुताबिक एसयूवी पर बिहार का नंबर था, जिसमें सात लोग सवार थे। चालक को ट्रक के केबिन से खींचकर नीचे उतारा और पिटाई करते हुए उससे 40 हजार रुपये मांगे। इनकार करने पर उसे जबरन बैठाकर ले गए। खलासी ने ट्रक मालिक और फिर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सरायख्वाजा पुलिस ने एसयूवी सवार लोगों की खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद भी उनका पता नहीं चला। शनिवार दोपहर खलासी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण का केस दर्ज किया है।
एसओ सरायख्वाजा सुधीर कुमार का कहना है कि खलासी हंसराज यादव का भाई राजन यादव ही ट्रक का मालिक है। घटना के बाद चालक ने मालिक से संपर्क किया था। एसयूवी की मरम्मत के लिए चालक के खाते में धनराशि भेजने की बात हुई थी। इसके बाद से चालक का पता नहीं। उसका नंबर भी बंद है। एसयूवी सवार लोगों और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।