जौनपुर के सतहरिया में एक तरफ परिवार वाले बेटी की धूमधाम से शादी की तैयारी में जुटे थे, मगर कोरोना ने ठीक शादी के दिन ही दुल्हन की जान ले ली। मामला मुंगराबादशाहपुर नगर के गुड़हाई मोहल्ले का है। विडंबना है कि कोरोना से मौत के कारण परिवार वाले उसके अंतिम दर्शन भी नहीं कर सके।
मोहल्ला गुड़हाई निवासी संतोष मोदनवाल की पुत्री ज्योति मोदनवाल (25) की शादी तीस अप्रैल को होनी थी। ज्योति प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका थी। उसकी तैनाती मेरठ जिले में हुई थी। वहां तीसरे चरण के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उसकी डयूटी लगी थी। चुनाव ड्यूटी के दौरान वह संक्रमित हो गई। ड्यूटी से छूटने के बाद जैसे ही आवास पर आई, उसकी अचानक तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। शुभेच्छुओं के साथ अस्पताल में गई तो जांच में कोराना पाजिटिव निकला।