जंघई फ्लाईओवर पर शटरिंग के काम पूरा। संवाद
मीरगंज। मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जंघई बाईपास फ्लाईओवर के निर्माण से जुड़ी एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जंघई से बरियारपुर रेलवे स्टेशन के बीच फ्लाईओवर पर शटरिंग लगाने का काम आखिरकार पूरा कर लिया गया है। अब 22 जुलाई को स्लैब ढलाई (कंक्रीट कास्टिंग) का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद लगभग एक महीने के भीतर फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है।
मछलीशहर से वाराणसी के बीच 640 करोड़ की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण परियोजना का काम इस फ्लाईओवर के कारण अटका था। इस फ्लाईओवर के शुरू होते ही जंघई फाटक पर लगने वाले रोजाना के जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी और वाराणसी-मछलीशहर के बीच सफर बेहद आसान और सुगम हो जाएगा। नेशनल हाईवे के अवर अभियंता ओपी प्रसाद ने निर्माण कार्य के संबंध में अपडेट देते हुए बताया कि जंघई और बरियारपुर स्टेशन के बीच शटरिंग का कार्य सफलता पूर्वक पूर्ण हो चुका है। आगामी 22 जुलाई तक स्लैब की ढलाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। ढलाई और कंक्रीट को पकाने (क्यूरिंग) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, करीब एक माह के अंदर फ्लाईओवर को यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा।