जौनपुर का युवक अपने दोस्तों के साथ मथुरा-वृंदावन और खाटू श्याम दर्शन के लिए गया था। मथुरा से दर्शन-पूजन करने के बाद चारों दोस्त जयपुर के लिए रवाना हुए। जयपुर के पास एक टर्निंग प्वॉइंट पर उनकी कार की एक बोलेरो से आमने-सामने से टक्कर हुई, जिसमें एक की मौत हो गई।
खाटू श्याम जयपुर राजस्थान दर्शन करने जा रहे चार दोस्तों की बोलेनो कार की बोलेरो से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि तीन युवकों को गंभीर हालत में जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
घटना बीती रात एक बजे की है। 23 मार्च को जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर से हर्षित केशरी (25) निवासी आदर्श कालोनी स्टेशन रोड, शिवम सोनी (23) निवासी साहबगंज, शिवम उमरवैश्य (22) निवासी नईबाजार व बोलेनो वाहन मालिक शेबू उमरवैश्य (26) निवासी सीडा सतहरिया मथुरा, वृंदावन और खाटू श्याम जयपुर राजस्थान दर्शन के लिए निकले थे।
मथुरा, वृंदावन मंदिरों के दर्शन पूजन करने के बाद चारों दोस्त खाटू श्याम मंदिर जयपुर राजस्थान दर्शन के लिए निकले। वाहन शेबू उमरवैश्य चला रहे थे। आगे की सीट पर हर्षित केशरी बैठे हुए थे। पिछली सीट पर शिवम सोनी, शिवम उमरवैश्य बैठे हुए थे। जयपुर के पास एक टर्निंग प्वॉइंट पर बोलेनो कार की बोलेरो वाहन से आमने- सामने की भीषण टक्कर हो गई।
विज्ञापन
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कोहराम मच गया। स्थानीय लोग मदद के लिए जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंचीं और चारों युवकों को गाड़ी से बाहर निकल कर जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह हर्षित केशरी की मौत हो गई। जबकि शिवम सोनी, शिवम उमरवैश्य व शेबू उमरवैश्य को गंभीर हालत में जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी परिजनों को रात दो बजे हुई तो घर में मातम छा गया। परिवार के सदस्य जयपुर राजस्थान के लिए रवाना हुए।