जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की केंद्रीय ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल में शनिवार को आईटी एंप्लाईेबिलिटी इश्यूज विषय पर वेबीनार का आयोजन किया गया। वेबीनार में अमरीकी आईटी कंपनी कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक मौर्य ने कहा कि इस क्षेत्र की तीन बड़ी कंपनियों टीसीएस, इंफोसिस एवं विप्रो ने एक लाख छात्रों को रोजगार प्रदान किया।
सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के विषय में जानकारी देते हुए श्री मौर्य ने कहा कि यह क्षेत्र के सभी प्रकार के विद्यार्थियों के लिए खुला हुआ है। इस क्षेत्र में मिलने वाले पैकेज अन्य क्षेत्र के पैकेज से अधिक हैं। कोरोना काल के दौरान वर्क फ्रॉम होम की सुविधा भी प्राप्त हो रही है। छात्रों को इंडस्ट्री की आवश्यकता के अनुसार अपनी स्किल का विकास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी संस्थानों के करिकुलम इंडस्ट्री की आवश्यकता के 70 प्रतिशत को ही पूरा कर पाते हैं। छात्रों को अच्छी कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए आवेदन करना चाहिए। दुनिया का आईटी सेक्टर के बिना चलना असंभव हो गया है। कोई भी क्षेत्र इससे अछूता नहीं है। इस कारण से हर क्षेत्र से संबंधित रोजगार सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में रोजगार देने के लिए मल्टीनेशनल कंपनियां कई प्रकार के टेस्ट स्कोर का प्रयोग करती हैं। जिनमें अच्छा स्कोर प्राप्त कर छात्र सीधे रोजगार पा सकते हैं। छात्र सूर्यकांत अस्थाना, अभिलाषा सिंह, अमन हुसैन, प्रज्ञेश सेठ मनीष यादव, सौरभ तिवारी, अवनीश दुबे के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अवसर पर कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने कहा कि छात्रों को अच्छे रोजगार के लिए देश के सुदूर क्षेत्रों में जाने से हिचकना नहीं चाहिए। सूचना प्रौद्योगिकी का क्षेत्र में रोजगार की सर्वाधिक संभावना हैं। केंद्रीय ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. संदीप कुमार सिंह ने अभिषेक मौर्य का परिचय कराया। वेबीनार में कुल 475 छात्रों ने पंजीकरण कराया। इस अवसर पर डॉ. सौरभ पाल, दीप प्रकाश सिंह, श्याम त्रिपाठी, नितिन यादव आदि उपस्थित रहे।