जौनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को सीएचसी बदलापुर और ग्राम पंचायत उदपुर बेलवां में किए जा रहे कोरोना टेस्टिंग के कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अस्पताल में रोज सफाई एवं सैनिटाइजेशन कराने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
डीएम ने सीएचसी के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ.विकास कुमार को निर्देशित किया कि 18 बेड एवं 5 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की क्षमता वाले एल-1 अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों का इलाज शुरू कराएं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जिन्हें कोरोना वैक्सीन की दूसरा डोज लगाई जानी है, उनकी सूची निकालकर एक दिन पूर्व उनको सूचित किया जाए। ताकि उन्हें समय से वैक्सीन की दूसरी डोज लग सके। उन्होंने अस्पताल में नियमित रूप से साफ सफाई एवं सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने ग्राम पंचायत उदपुर बेलवा में आशा, आंगनबाड़ी एवं आरआरटी की टीम की ओर से किए जा रहे कोरोना टेस्टिंग के कार्य की जांच की। इस दौरान टीम जांच करते हुए मिली। प्रवासी मजदूरों सहित कोरोना पाजिटिव एवं लक्षण युक्त लोगों की सूची तैयार पाई गई। इस दौरान जांच में कुल 6 लोग की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव मिली। इस अवसर पर एसडीएम अमिताभ यादव, सीओ चोब सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।