14- शाहगंज में पुलिस की पिटाई से लहूलूहान हुआ खलासी।
- फोटो : JAUNPUR
शाहगंज। कलेक्टरगंज गल्ला मंडी में रविवार को दाल लदी डीसीएम के खलासी को पीटकर सिपाही ने सिर फोड़ दिया। आरोप है कि सिपाही ट्रक साइड करने के लिए उससे पांच सौ रुपये मांग रहा था। सिपाही के रवैए पर व्यापारी ने रोष जताना शुरू किया तो पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। पिटाई करने वाले सिपाही को लोगों ने पकड़ लिया। प्रबुद्धजनों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। उसके बाद पुलिस ने घायल खलासी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रयागराज से दाल लादकर रविवार की सुबह करीब आठ बजे शाहगंज कस्बे के कलेक्टरगंज गल्ला मंडी पहुंचा। धर्मेंद्र कुमार आशीष कुमार ट्रेडर्स के गोदाम में दाल उतारी जा रही थी, उसी समय पांच- छह की संख्या में पुलिस कर्मी पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस वालों ने डीसीएम के खलासी से पांच सौ रुपये की मांग की। खलासी मोहम्मद सालिम (19) निवासी सोरांव प्रयागराज ने पैसे देने से असमर्थता जताई तो एक सिपाही उसकी पिटाई करने लगा। खलासी पिटाई से बचने के लिए विनोद कुमार अग्रहरी की दुकान में घुस गया। सिपाही भी उसका पीछा करते दुकान में घुस गया। वहां भी उसकी पिटाई करने लगा, जिससे उसका सिर फट गया। तभी व्यापारी और पल्लेदार पहुंच गए। उन्होंने विरोध करना शुरू किया तो साथी पुलिसकर्मी भाग गए लेकिन पिटाई करने वाले सिपाही को लोगों ने पकड़ लिया। प्रबुद्धजनों ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया और सिपाही को मुक्त कराया। इस संबंध में सीओ शाहगंज जितेंद्र दुबे का कहना था कि मामला संज्ञान में नहीं है। वहीं एएसपी सिटी संजय कुमार ने भी घटना से अनभिज्ञता जताई है। कहा कि पूरे मामले की जानकारी लेंगे। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।