जौनपुर। जनपद में सात मार्च को नौ विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। इसके लिए नामाकंन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। 174 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इसमें से 40 प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हो गया। सबसे अधिक 26 प्रत्याशी सदर विधानसभा सीट पर हैं। ऐसे में नामांकन वापस लेने का आखिरी मौका 21 फरवरी को है। ऐसे में यदि 10 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस नहीं लिया तो इस सीट पर मतदान कराने के लिए दो ईवीएम लगानी होगी, क्योंकि एक ईवीएम में नोटा को लेकर 16 बटन होते हैं, जिसमें 15 प्रत्याशियों का नाम होता है, जबकि एक बटन इनमें से कोई नहीं का बटन होता है।
जिले की नौ विधानसभा सीट के लिए 10 से 17 फरवरी तक नामांकन किया गया। 134 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं, जिनमें इच्छुक प्रत्याशी अपना नामांकन 21 फरवरी को अपराह्न तीन बजे तक ले सकते हैं। 20 फरवरी को रविवार के कारण नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में प्रत्याशियों के पास एक ही दिन का समय है। 21 फरवरी को शाम पांच बजे रिटर्निगिं आफिसर की तरफ से चुनाव मैदान में डटे फाइनल प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। इधर, नाम वापस के दिन को देखते हुए बागियों को मनाने की आखिरी कोशिश की जा रही है। सपा की तरफ से अपने-अपने बागियों को मनाने की अंतिम कोशिश की जा रही है।
किस विधानसभा में कितने प्रत्याशी
बदलापुर - 15
शाहगंज - 13
जौनपुर - 26
मल्हनी - 13
मुंगराबादशाहपुर - 15
मछलीशहर - 10
मडि़याहूं - 12
जफराबाद - 11
केराकत - 10