कैदी की मौत के बाद जिला जेल में उपद्रव करने वालों की पहचान जांच अधिकारियों ने कर ली है। इस मामले में जेल प्रशासन और बंदियों का पक्ष सुनने के बाद बवाल की मुख्य वजह भी सामने आ चुकी है। अब जल्द ही इसकी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजने की तैयारी है। डीएम का कहना है कि एक-दो दिनों में रिपोट शासन को भेज दी जाएगी।
एडीएम वित्त रामप्रकाश, एडीएम भू राजस्व राजकुमार द्विवेदी, एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार सहित पांच सदस्यीय टीम ने दूसरे दिन भी घटना के विविध पहलुओं की जांच की। जेल में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब हो चुके हैं। लिहाजा ड्रोन कैमरे की फुटेज व बवाल के बाद के निशान के आधार पर छानबीन की गई है। बंदियों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर जेल प्रशासन से भी लिखित रिपोर्ट मांगी गई है। उनका पक्ष सुनने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि टीम जांच में जुटी है। उपद्रवी चिह्नित किए जा चुके हैं। कैदी की मौत के बाद कुछ लोगों ने अपने हित भी साधे हैं। विभिन्न पहलुओं पर रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही शासन को भेजी जाएगी। उधर, डीआईजी जेल एके सिंह सोमवार को फिर जौनपुर पहुंचकर अपनी जांच करेंगे।