जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बलईपुर बैरगिया बाग के पास हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल (29) की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
केराकत थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी अनमोल यादव की बहन को हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल परेशान करता था। हिस्ट्रीशीटर आए दिन अनमोल से भी गाली गलौज करता था। इससे नाराज होकर अनमोल यादव ने विवाद के दौरान गुलाब को गोली मारी थी। बुधवार को पुलिस ने उसे देवाकलपुर नाला पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की देसी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया। केराकत थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि बलईपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल के पिता पतिराम पाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका बेटा गुलाब पाल 13 अक्तूबर की रात करीब एक बजे बीरमपुर गांव में संग्राम पाल के घर से तेरहवीं का भोज खाकर लौट रहा था। बलईपुर बैरगिया बाग के पास पुरानी रंजिश में बलईपुर बैरगिया निवासी अनुराग पाल, सचिन पाल, धर्मू यादव और अनमोल यादव ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू की थी।