मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के तुलापुर गांव में बुधवार को खेत की मेड़ कटने पर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद हाथापाई में तब्दील हो गई। इसी दौरान बड़े भाई गिर कर बेहोश हो गए। उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बड़े भाई पहले से ही हृदय के रोगी थे। छोटे भाई के सीने पर वार करने के कारण उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार तुलापुर गांव में महेंद्र सिंह बुधवार सुबह खेत में धान लगाने के लिए जुताई करवा रहे थे। ट्रैक्टर से जुताई के दौरान बड़े भाई राय साहब सिंह (52) के खेत की मेड़ कट गई। इसे वह बुध्वार को सही करा रहे थे। इसी दौरान महेंद्र सिंह ने बड़े भाई राय साहब सिंह को मेड़ सही करने से रोकने लगा। दोनों भाइयों में झगड़ा हाथापाई और मारपीट में बदल गया। राय साहब के परिजनों का आरोप है कि महेंद्र के मारने से सीने पर चोट लगी जिससे वह बेहोश होकर गिर गए। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी मछलीशहर आए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महेंद्र सिंह के मारने से सीने में गहरी चोट आई, इससे मौत हो गई। घटना की सूचना पर एसडीएम श्रीकेश कुमार राय, सीओ गिरेंद्र सिंह, एसएचओ सत्यप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोट
प्रत्यक्ष दर्शी किसानों ने बताया कि राय साहब व उसके भाई के बीच हाथापाई हो रही थी। राय साहब हार्ट के मरीज थे, उनकी दवा चल रही थी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी फरार है, गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। गिरेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी