श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर बृहस्पतिवार को सुबह बड़ा हादसा हो गया। मुगलसराय जा रही मालगाड़ी के 22 वैगन पलट गए। हालांकि इसके पीछे गलती किसकी है, इसको लेकर अधिकारी-कर्मचारी चुप्पी साधे हुए हैं। हादसे के बाद स्टेशन से 100 मीटर दूर ही टूटी पटरी मिली, जिस पर से ही दुर्घटनाग्रस्त हुई मालगाड़ी गुजरी थी। ऐसे में पटरी को देखने के बाद हर कोई यही कहता नजर आया कि शुक्र है महामना एक्सप्रेस और सुल्तानपुर एक्सप्रेस लेट थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दिल्ली से आने वाली महामना एक्सप्रेस ट्रेन का श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन से सुबह 5.55 बजे गुजरने का समय है, जबकि सुल्तानपुर से वाराणसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का समय सुबह 7.47 बजे हैं। बृहस्पतिवार को ये दोनों ट्रेनें काफी लेट थीं। इसी बीच सुल्तानपुर की ओर मालगाड़ी मुगलसराय के लिए गुजर रही थी, जो श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन से 500 मीटर आगे जाने पर पलट गई। हादसे के वक्त इतनी तेज आवाज हुई कि उसे सुन काफी संख्या में लोग भागते हुए मौके पर पहुंच गए। हादसे में मालगाड़ी के 22 वैगन पटरी से उतर गए थे। कई डिब्बों के पहिये छटक कर दूर जा गिरे थे। कुछ डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए थे। इसी दौरान घटना स्थल पर पहुंचे लोगों की नजर स्टेशन से सौ मीटर पहले पटरी पर पड़ी, जो टूट गई थी। माना जा रहा है के सर्दियों में रेल पटरियों के चटकने की वजह से हादसे होते हैं। इस मामले में भी रेल पटरी चटकने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।