जौनपुर। मछलीशहर-जंघई और जौनपुर-भदोही मार्ग की हालत सबसे खराब हैं। इन दोनों सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। सड़क इस कदर जर्जर है कि आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं लेकिन अब इन सड़कों के अच्छे दिन आएंगे। दोनों सड़कों को एनएच में शामिल किए जाने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। 20 दिसंबर को कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ शिलान्यास करेंगे।
भदोही से जौनपुर 38 किमी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135ए से जोड़ा जा रहा है। इस मार्ग पर रामपुर के पचवल गांव से लेकर जमालापुर तक मार्ग एकदम क्षतिग्रस्त है। दो दशक से इस सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से लेकर सरकार तक जनता को बस आश्वासन ही मिला। इस सड़क को एनएच में लेने के बाद भदोही से लेकर जौनपुर तक 38 किमी सड़क को 396 करोड़ की खर्च करके सरकार चौड़ीकरण करने का निर्णय लिया है। इसी तरह मछलीशहर से 20 किमी दूरी तक जंघई जाने वाली सड़क जर्जर हाल में पहुंच गई है। इसे 2014-15 में विधायक जगदीश सोनकर के प्रयास से 7.67 करोड़ की लागत से बनाया गया था। सड़क उस समय सिर्फ पौने चार मीटर चौड़ी थी, जिसके कारण इस सड़क पर दबाव ज्यादा होने के कारण दो बडे़ वाहन के पटरी पर उतरने से सड़क एक साल के अंदर ही जगह-जगह टूट गई। विभाग ने ओवरलोड वाहनों को कारण बताकर सिर्फ गड्ढामुक्त करता रहा लेकिन सड़क गड्ढे में धीरे-धीरे तब्दील हो गई। 48 किमी की दूरी में सड़क को हाइवे बनाने के लिए 700 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। साथ ही इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने की तिथि 20 दिसंबर तय की है।