क्षेत्र के सरायखेम गांव के पास हड़बड़ाहट में युवती ट्रेन से कूद गई। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तहकीकात में जुटी है। घटना बृहस्पतिवार की रात आठ बजे की है।
जौनपुर से रायबरेली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से युवती कहीं जा रही थी। ट्रेन में मौजूद यात्रियों के मुताबिक जंघई स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो युवती ने एक यात्री से मोबाइल मांगा और किसी से बात करने लगी। बात करते-करते ट्रेन तेज गति से चलने लगी, तो युवती घबड़ा गई और यात्री का मोबाइल देकर वह हड़बड़ाहट में सरायखेम गांव के पास कूद गई। उसकी उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। वह जींस व टी-शर्ट पहने हुई थी। युवती कहां की थी और कहां जा रही थी, अब तक इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। रात भर उसका शव पड़ा रहा। सुबह लोगों ने युवती का शव देखा तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी को गांव के लोगों ने दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी का कहना है कि घटना की जानकारी घटना के चश्मदीद रहे एक यात्री ने मुंगराबादशाहपुर थाने में दी है। इससे घटना की वास्तविक जानकारी हो सकी है। युवती की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।