बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेवादा मुखलिसपुर की एक युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बुधवार की रात आठ बजे की है। परिजनों के मुताबिक युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के चलते सरायहरखू स्टेशन पर वाराणसी-सुल्तानपुर स्पेशल ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही।
ग्राम नेवादा मुखलिसपुर निवासी अमर बहादुर यादव की पुत्री रीता यादव (24) बुधवार को गांव के समीप से गुजर रहे रेल लाइन पर रात करीब साढे़ आठ बजे पहुंच गईं। जहां पटना-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। वहीं, ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी जानकारी आगे स्टेशन पर दी। जहां से घटना की सूचना बदलापुर पुलिस को दी गई। इस बीच वाराणसी-सुल्तानपुर स्पेशल ट्रेन को सरायहरूखू में रोक दिया गया। करीब एक घंटे में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रेल लाइन खाली कराया। इसके बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। वहीं, मृतका के भाई विवेक यादव के मुताबिक उसकी बहन रीता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। यह सब कब और कैसे हो गया, कुछ पता नहीं चल सका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।