जौनपुर। नोडल अधिकारी भुवनेश कुमार ने बुधवार को जिला महिला अस्पताल में बने कोविड एल-टू अस्पताल और ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को कोविड मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पोस्ट कोविड मरीजों को मनोचिकित्सकों से सलाह दिलाने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि प्लांट के माध्यम से 66 बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। उन्होंने अस्पताल में ही आरटी-पीसीआर टेस्ट के संबंध में जानकारी ली। कोरोना टेस्टिंग कार्य को और बढ़ाने का निर्देश दिया। इसके बाद मोहल्ला रामनगर भड़सरा में पहुंचकर वहां साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन कार्य का जायजा लिया। ईओ संतोष मिश्रा को निर्देशित किया कि नियमित रूप से मोहल्लों में साफ-सफाई कराएं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निर्देश दिया कि मोहल्ले में आए 11 प्रवासियों को कोरोना किट का वितरण किया जाए। इस अवसर पर एडीएम वित्त रामप्रकाश, एडीएम भू राजस्व राजकुमार द्विवेदी, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, सफाई निरीक्षक हरिश्चंद्र यादव आदि मौजूद रहे।