जौनपुर। मौसम में आए दिन हो रहे बदलाव और तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ देर के लिए राहत तो मिल जा रही है, लेकिन यह मौसम बिजली विभाग की पोल खोल रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जर्जर हो चुके बिजली के खंभे तेज हवाओं के झोंके नहीं संभाल पा रहे हैं। आंधी से बीते दो महीनों में ही जिले भर में 600 से अधिक बिजली के खंभे टूटकर गिर चुके हैं, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहती है। समय रहते इन खंभों को नहीं बदला गया, तो किसी बड़े हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता।
जिले में कुल 7,51,575 उपभोक्ता हैं, जिन्हें 67 उपकेंद्रों और 63,859 ट्रांसफार्मरों के सहारे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। लेकिन बुनियादी ढांचे की जर्जर हालत के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मड़ियाहूं नगर के बेलवा रोड पर डाकखाने के पास लगा विद्युत पोल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। विभाग ने नीचे से वेल्डिंग करके इसे किसी तरह टिका तो दिया है, लेकिन तेज आंधी के समय यह कब गिर जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। इसके अलावा क्षेत्र के कसियाव और कादीपुर दरगाह आदि गांवों में भी जर्जर खंभों और तारों के सहारे ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
शहर के वाराणसी-लखनऊ मार्ग स्थित मतापुर में एक बिजली का खंभा खतरनाक तरीके से तिरछा हो गया है। इस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन 10 हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय निवासी रामसकल तिवारी, विपिन, राजदेव और सुमन आदि ने बिजली विभाग से इस पोल को तत्काल बदलकर नया पोल लगाने की मांग की है।
बरसठी क्षेत्र के बबुरीगांव में जर्जर और नीचे लटक रहे बिजली के तार ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर तार इतने नीचे झूल रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुधांशू विश्वकर्मा ने कहा कि बरसात और तेज हवा के दौरान तारों के टूटने और पोल गिरने का खतरा और बढ़ जाता है।
बदलापुर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के लिए लगे जर्जर तार और खंभे आए दिन फॉल्ट का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र के शाहपुर गांव में बिजली के तार मानक से काफी नीचे लटक रहे हैं, जिससे हर समय खतरा बना रहता है। वहीं, घनश्यामपुर बाजार में एक झुका हुआ खंभा बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। बाजार निवासी जनार्दन बरनवाल ने बताया कि कई बार विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसे अब तक दुरुस्त नहीं किया जा सका।
तेज हवाओं और आंधी से बिजली के खंभों पर पेड़ों की डालियां गिरने से खंभे टूट रहे हैं। जहां भी खंभे गिरे हैं, उनकी जगह नए खंभे लगा दिए गए हैं। इसके अलावा जिले में 60 अन्य जर्जर खंभो को चिह्नित किया गया है, जिन्हें जल्द ही बदल दिया जाएगा। - मनोज गुप्ता, अधीक्षण अभियंता (विद्युत प्रथम)